ओमशिला से ॐ लुप्त हुआ

ओमशिला से ॐ लुप्त हुआ

सुपरिचित लेखक। पहली कहानी बंबई ‘नवभारत टाइम्स’ में, दूसरी कहानी ‘धर्मयुग’ में छपी। मिथकों को वैज्ञानिक आधार देने के लिए उपन्यास ‘दशावतार’ लिखा, इसी परिप्रेक्ष्य में ‘राजस्थान पत्रिका’ और ‘पत्रिका’ के सभी संस्करणों में ‘पुरातन और विज्ञान’ शीर्षक से साप्ताहिक स्तंभ लिखा, जो खूब चर्चित हुआ।


से पर्यटन संबंधी नीतियों को बढ़ावा देने की विडंबना ही कहा जाएगा कि दुर्लभ कैलाश मानसरोवर जाने वाले मार्ग पर जो ॐ पर्वत मिलता है, उस पर प्रकृति ने अपनी कलम से ‘ॐ’ बर्फ की स्याही से लिखा हुआ था। अब बढ़ते पर्यटन और फैलते प्रदूषण का नतीजा निकला है कि इस ओम से बर्फ गायब हो गई है। बर्फविहीन पर्वत काला दिखाई दे रहा है। इससे देशभर के पर्यावरण प्रेमी और वैज्ञानिक चिंतित हैं। यह अनूठा पर्वत विश्वप्रसिद्ध है, क्योंकि यह बहुअक्षरों का भान कराने वाला मात्र एक शब्द का अक्षर प्रकृति का सबसे पहला देवनागरी में लिखा हुआ शब्दाक्षर है। यह इसलिए भी विलक्षण है, क्योंकि यहाँ विश्वप्रसिद्ध वैज्ञानिक संस्था नासा ने तीव्र आवृत्ति वाले ध्वनि रिकाॅर्ड करने वाले यंत्रों से यहाँ गूँजने वाली ध्वनि को रिकॉर्ड करके चलाया तो उसका उच्चारण स्पष्ट रूप से ‘ॐ’ उच्चारित करती हुई सुनाई देती है। इसे गूगल पर ‘साउंड ऑफ सन’ टंकित करके आसानी से सुना जा सकता है।
पर्यावरणविद् और स्थानीय लोग हिमालयी तापमान में वृद्धि तथा उच्च हिमालयी क्षेत्र में अंधाधुंध चल रहे कथित विकास कार्यों को इस बर्फ के पिघलने का दोष दे रहे हैं। हम निरंतर देख रहे हैं कि केदारनाथ, बदरीनाथ, यमुनोत्तरी और गंगोत्तरी जाने वाले रास्तों के पहाड़ों में लगातार भू-स्खलन हो रहा है। पिछले दिनों पिथौरागढ़ जिले के गाँव गुंजी की मूल निवासी उर्मिला सनवाल गुंज्याल अपने गाँव १६ अगस्त को ओम पर्वत के दर्शन के लिए गई थीं। किंतु जब वे ओम पर्वत पर पहुँचीं तो हैरान रह गईं। पर्वत पर उत्कीर्ण ‘ॐ’ से बर्फ लुफ्त थी। उन्होंने इस अवस्था में आए ओम पर्वत के चित्र भी लिये। बाद में जब इसकी जानकारी पर्यावरण वैज्ञानिकों को दी तो सब आश्चर्यचकित रह गए। कुमाऊँ मंडल के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला तहसील की व्यास घाटी में स्थित ओम पर्वत ५,९०० मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर स्थित नाभिढंग से ओम पर्वत के दर्शन होते हैं। इस जानकारी पर चिंता जताते हुए भारतीय पर्यावरण संस्थान उत्तराखंड के राष्ट्रीय अध्यक्ष और गुरुकुल काँगड़ी विश्वविद्यालय हरिद्वार के पूर्व विभागाध्यक्ष वी.डी. जोशी का कहना है कि यदि इसी तरह से उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मनुष्यों की आवाजाही बढ़ती गई और विकास के नाम पर सड़कों का जाल पहाड़ों में अंधाधुंध तरीके से बिछाया जाता रहा, भवन एवं सुरंगें बनाई जाती रहीं और पहाड़ को तोड़ने के लिए विस्फोट किए जाते रहे, तो एक दिन हमेशा के लिए उत्तराखंड के पहाड़ों से बर्फ पूरी तरह लुप्त हो जाएगी। यही नहीं, ध्वनि प्रदूषण पहाड़ों के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। इससे न केवल बर्फ पिघलती है, बल्कि पहाड़ों में रहने वाले वन्यजीवों की प्रजनन प्रक्रिया भी बाधित हो रही है। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के लिए जो हेलीकाॅप्टर सेवा आरंभ हुई है, उससे वायु और ध्वनि प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है। इस कोलाहल में हिमालयी वन्य प्राणियों और पशु-पक्षियों का जीना कठिन हो गया है।
जिस पर्वत पर ॐ लिखा है, उसे ऋषियों ने धरती के व्यास की नाप-जोख करके इसे पृथ्वी की नाभि, यानी केंद्रबिंदु माना है। इसी क्षेत्र में स्थित कैलाश पर्वत को ब्रह्म‍ांड की धुरी माना है। धरती की ओर उत्तरी ध्रुव है तो दूसरी ओर दक्षिणी ध्रुव है। दोनों के केंद्र में अखंड हिमालय पर्वत है और हिमालय के केंद्र में कैलाश मानसरोवर है। ऋग्वेद के ऋषियों ने माना है कि आर्यावर्त का जो क्षेत्र बहुत पहले विस्तृत था, उसके चारों ओर समुद्र फैला हुआ था। इसे ही सप्तसिंधु क्षेत्र कहा गया है। अखंड भारत में बहने वाली सात प्रमुख नदियाँ इसी हिमालय की कोख से निकलती हैं। इन नदियों में सिंधु, सरस्वती, रावी, सतलज, झेलम, चिनाव और व्सास हैं। कई करोड़ साल पहले एक प्राकृतिक घटना के घटने से हिमालय का उद्गम हुआ था। हिमालय पर स्थित कैलाश क्षेत्र को दुनिया की नाभि भी माना गया है। क्योंकि यह आकाश और पृथ्वी के बीच में स्थित है। यहाँ दसों दिशाएँ आकर मिलती हैं। साफ है, यहाँ की प्रकृति विलक्षण होने के साथ जीव-जगत् के लिए उपयोगी है। इसी क्षेत्र में स्थित ओम पर्वत अलग से खड़ा है। इसी पर प्राकृतिक रूप से उत्कीर्ण ‘ॐ’ अंकित है। ओम की इस चित्रात्मक छवि में स्वर्णिम आभा-सी दीप्तमान होती है, जिसमें हमेशा बर्फ भरी रहती है। अनुभव होता है, मानो प्रकृति ने बर्फीली स्याही भर दी है। ओम अक्षर देवनागरी की सुंदर लिपि में लिखा दिखाई देता है। ‘ॐ’ के आकार में समाहित प्रत्येक रेखा, चंद्रबिंदु, अनुस्वार स्पष्ट परिलक्षित होते हैं। इस शब्दाक्षर को अनुस्यूत करने पर अनुभव होता है कि जैसे निश्चल शिलाखंड पर कोई मानव आकृति ओमकार की प्रतिकृति में स्थितप्रज्ञ रहते हुए सूर्य को अर्घ्य दे रही है। नाभीढांग ही वह स्थल है, जहाँ शिव की पत्नी सती के पार्थिव शरीर का एक अंग गिरा था। इसलिए यह ५१ शक्तिपीठों में भी शामिल है।
यहाँ ओम की ध्वनि उच्चारित करने पर बहुत देर तक प्रतिध्वनित होकर गूँजती रहती है। ब्रह्म‍ांड की इस ओम ध्वनि को मूल ध्वनि माना गया है। इस मूल ध्वनि के नाम का ब्रह्म‍ांड में उद्घोष निरंतर होता रहता है। साधारण मनुष्य इस ध्वनि को नहीं सुन पाते हैं, क्योंकि आम व्यक्ति की श्रवण क्षमता न्यूनतम होती है। परंतु तपस्वी ऋषियों ने योगबल से भ्रम की इस ध्वनि से साक्षात्कार हजारों साल पहले कर लिया था। अभी तक इसे कपोल कल्पना कहकर कथित बौद्धिक नकारते रहे हैं। किंतु अब ओम के उच्चारण की ध्वनि को नासा ने रिकॉर्ड करने में सफलता प्राप्त कर ली है। इसे ‘साउंड आॅफ सन’ गूगल पर टंकित करके आसानी से सुना जा सकता है। इसमें ओम की ध्वनि स्पष्ट सुनाई देती है। अतएव अब वेदों में उल्लेखित ओम ध्वनि का तथ्यात्मक सत्यापन वैज्ञानिक ढंग से हो गया है।
जहाँ कैलाश मानसरोवर की असंख्य पर्वत श्रेणियाँ हैं, वहाँ बर्फीली श्वेतवर्णी परतों से बर्फ की छार और जल की धाराएँ निरंतर झरती रहती हैं। यहीं सतह पर मानसरोवर और राक्षसताल सरोवरों का युग्म है। मानसरोवर तालाब को ‘पिंगला’ और राक्षसताल को ‘इड़ा’ नारी का प्रतीक माना जाता है। इन दोनों तालाबों को गंगाछू नाम की स्थानीय नदी परस्पर जोड़े रखती है। मानसरोवर में जब जल की मात्रा बढ़ जाती है, तब यह जल गंगाछू नदी से बहकर राक्षसताल में समाने लगता है। इन तालाबों में हंसों के जोड़े अकसर दिखाई दे जाते हैं। कैलाश की विराट् आकृति लिंग के समान मानी जाती है। कैलाश की परिक्रमा करती हुई छह पर्वत श्रेणियाँ हैं, इनके १६ शिखर ऐसे दिखते हैं, मानो १६ पँखुड़ियों वाले कमल पुष्प की आकृति बना रहे हों। इस कैलाश पर्वत पर जब उगते और अस्त होते सूर्य की किरणें पड़ती हैं, तो यह स्वर्णिम चमक से दमक उठता है। यह सौंदर्य अद्भुत माना जाता है। दोपहर का सूर्य स्फटिक मणि की तरह चमकता है। इन्हीं तालाबों से सिंधु, ब्रह्म‍पुत्र, सतलज और करनाली नदियों के उद्गम स्थल हैं। अतएव हिमालय का यह पर्वतीय क्षेत्र जीव-जगत् के लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। आज ओम पर्वत से बर्फ गायब हुई है, हो सकता है कल कैलाश की पर्वत-शृंखलाओं से झरने वाली बर्फ भी विलुप्त हो जाए। तब न मानसरोवर और राक्षसताल रहेंगे और न ही इनसे निकलने वाली नदियाँ। तब इस क्षेत्र में इस वीराने की कल्पना ही डराने वाली दहशत पैदा कर देती है।

शब्दार्थ ४९, श्रीराम कॉलोनी
शिवपुरी-४७३५५१ (म.प्र.)
दूरभाष : ०९४२५४८८२२४

अकतूबर 2024

   IS ANK MEN

More

हमारे संकलन