सनातन परंपराओं की आदर्श महारानी अहिल्याबाई होलकर

सनातन परंपराओं की आदर्श  महारानी अहिल्याबाई होलकर

सुपरिचित शिक्षाविद्, वरिष्ठ स्तंभकार एवं लेखक। एक शिक्षण-संस्थान में जन-संपर्क अधिकारी एवं प्रशासनिक सदस्य के रूप में कार्यरत। पत्र-पत्रिकाओं में नियमित लेखन। आईआईटी, कानपुर में ‘शिक्षा-सोपान’ नामक सामाजिक संस्था की संपूर्ण संकल्पना एवं स्थापना। स्वर्गीय नानाजी देशमुख के मार्गदर्शन में वंचित समाज के लिए समर्पित प्रकल्प ‘शिक्षा-सोपान’ एवं ‘सामाजिक संपर्क केंद्र’ का संचालन। विभिन्न संगोष्ठियों एवं कार्यशालाओं में सहभागिता।

ह भारत-भू वीर प्रसूता है। यहाँ हर युग, हर काल में ऐसे-ऐसे वीर-वीरांगनाओं ने जन्म लिया, जिनके व्यक्तित्व एवं कर्तृत्व के आगे सारा संसार सर झुकाता है। इन वीर-वीरांगनाओं ने समय के शिलालेख पर अमिट अक्षरों में कर्म एवं पुरुषार्थ की उज्ज्वल कहानियाँ लिखीं। किसी ने युद्ध के मैदान में अपनी तेजस्विता की चमक बिखेरी तो किसी ने मानव-मात्र के कल्याण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। धर्म की इस महान् एवं सनातन भूमि पर प्रेरणा के ऐसे प्रकाश-पुंजों की कमी नहीं रही। ऐसी ही एक तेजस्विनी-महिमामयी नारी थीं—महारानी अहिल्याबाई होलकर। उन्होंने भारतीय संस्कृति के कीर्ति-ध्वज को तो दसों-दिशाओं में फहराया ही, हिंदू परंपराओं एवं मान्यताओं के अनुकूल आदर्श शासन एवं राज-व्यवस्था की भी स्थापना की। उनका जीवन और शासन लोक-कल्याण को समर्पित था। समाज एवं राष्ट्र के लिए जब आवश्यकता पड़ी, उन्होंने खड्ग भी धारण किया तो धर्म का कीर्ति-ध्वज फहराए रखने के लिए अनेकानेक अभिनव, असाधारण एवं ऐतिहासिक पहल व प्रयत्न किए।
महारानी अहिल्याबाई होलकर का जन्म ३१ मई, १७२५ को महाराष्ट्र के चौंडी नामक गाँव में हुआ था, जो आजकल अहमदनगर जिले के जामखेड में पड़ता है। उनका जन्म एक सामान्य किंतु प्रतिष्ठित परिवार में हुआ था। उनके पिता मानकोजी शिंदे एक संस्कारक्षम व्यक्ति थे। उन्होंने छोटी अहिल्या में बचपन से ही धार्मिक एवं राष्ट्रीय संस्कारों का भाव भरा था। उस दौर में भी उनके पिता ने उन्हें पढ़ाने-लिखाने की समुचित व्यवस्था की थी। उन दिनों छोटी आयु में ही विवाह की प्रथा प्रचलित थी। यों तो सनातन समाज सदैव वैज्ञानिक तौर-तरीकों से जीवन जीता आया है। महान् भारतवर्ष में तो स्वयंवर तक की प्रथा रही, जहाँ कन्या गुणों के आधार पर वर का वरण करती थी। पर विधर्मियों एवं विदेशी आक्रांताओं से अपनी ललनाओं की रक्षा के लिए काल-विशेष में सनातन समाज में बाल विवाह एवं परदा प्रथा जैसी रूढ़ियाँ प्रचलित हो गई थीं, जो समय के साथ स्वतः समाप्तप्राय हो चली हैं। 
कहते हैं कि पुणे जाते समय मालवा राज्य के पेशवा मल्हारराव होल्कर की दृष्टि ८ वर्षीय अहिल्याबाई पर पड़ी। वे उनके गुणों से बहुत प्रभावित हुए। उतनी छोटी अवस्था में भी वह गरीबों और भूखों की मदद कर रही थीं। उनकी निष्ठा एवं परोपकारिता से प्रभावित होकर मल्हारराव ने उनके पिता मानकोजी से उनका हाथ अपने बेटे खंडेराव के लिए माँगा। 
उनका विवाह इंदौर राज्य के संस्थापक एवं पेशवा मल्हारराव होल्कर के पुत्र खंडेराव के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। महारानी अहिल्याबाई ने १७४५ में एक पुत्र एवं उसके तीन वर्ष पश्चात् एक कन्या को जन्म दिया। पुत्र का नाम मालेराव और कन्या का नाम मुक्ताराव रखा गया। कहा जाता है कि खंडेराव में भी जिम्मेदारी-बोध का स्फुरण-जागरण महारानी अहिल्याबाई की प्रेरणा से ही हुआ। वे उन्हें राज-काज एवं शासन-व्यवस्था में सहयोग प्रदान करती थीं। उन्होंने बड़ी कुशलता से अपने पति के स्वाभिमान एवं गौरव-बोध को जाग्रत् किया। अपने पिता के मार्गदर्शन में खंडेराव कुशल योद्धा एवं निपुण शासक बनते जा रहे थे। मल्हारराव होल्कर अपनी पुत्रवधू अहिल्याबाई को भी राज-काज की शिक्षा देते रहते थे। अपनी पुत्रवधू की बुद्धि, कार्य-कुशलता, नीतिनिपुणता से वे बहुत प्रसन्न थे। परंतु दुर्भाग्य से १७५४ ई. में खंडेराव का निधन हो गया। १७६६ ई. में मल्हारराव भी इस संसार को छोड़कर देवलोक गमन कर गए। श्वसुर के देहावसान के पश्चात् अहिल्याबाई के नेतृत्व में उनके बेटे मालेराव होल्कर ने शासन की बागडोर सँभाली। पर उस समय अहिल्याबाई और मालवा पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा, जब ५ अप्रैल, १७६७ को शासन की बागडोर सँभालने के कुछ ही महीनों बाद उनके जवान बेटे की मृत्यु हो गई। वे असमय ही काल के ग्रास बन गए। कोई भी स्त्री जिससे थोड़े-थोड़े अंतराल पर उसके पति, श्वसुर, पुत्र का सहारा छिन जाए, उसके दुःख एवं मनःस्थिति की सहज ही कल्पना की जा सकती है। परंतु रानी अहिल्याबाई ने नियति एवं परिस्थिति के आगे घुटने नहीं टेके। उन्होंने मालवा राज्य की प्रजा को अपनी संतान मानते हुए ११ दिसंबर, १७६७ को शासन की बागडोर अपने हाथों में ली। थोड़े ही दिनों में महारानी की लोकप्रियता राज्य भर में फैल गई। परिस्थितियों का लाभ उठाने के उद्देश्य से मालवा पर कुदृष्टि रखने वाले दुश्मनों को मुँह की खानी पड़ी। अपने राज्य एवं प्रजा की रक्षा के लिए उन्होंने न केवल अस्त्र-शस्त्र उठाया, बल्कि अनेक युद्धों-मोरचों पर स्वयं आगे आकर अपनी सेना का कुशल नेतृत्व किया। इतना ही नहीं, जब आवश्यकता पड़ी उन्होंने कूटनीति से भी काम लिया। राज्य हड़पने के उद्देश्य से जब राघोवा पेशवा ने मालवा पर आक्रमण के लिए अपनी सेना भेजी तो महारानी अहिल्याबाई के केवल एक पत्र से यह युद्ध टल गया और पेशवा ने उन्हें उनके राज्य की सुरक्षा का वचन दिया। उस पत्र ने पेशवा राघोवा की सुप्त चेतना को जाग्रत् किया। उस पत्र के एक-एक शब्द ने उन पर नुकीले तीर-सा असर किया और उन्होंने महारानी से युद्ध का इरादा बदल दिया। महारानी इतनी कुशल एवं दूरदर्शी थीं कि व्यापारी बनकर आए अंग्रेजों और ईस्ट इंडिया कंपनी के ‘फूट डालो और शासन करो की नीति’ को उन्होंने सबसे पहले भाँप लिया था। उन्होंने तत्कालीन पेशवा प्रमुख को इस संदर्भ में पत्र लिखकर उन्हें सतर्क भी किया था। वे प्रतिभा को पहचानती थीं। उन्होंने अपने विश्वसनीय सेनानी सूबेदार तुकोजीराव होल्कर (मल्हारराव के दत्तक पुत्र) को सेना-प्रमुख बनाया था। वे उन पर भरोसा करती थीं और तुकोजीराव भी उनके प्रति अखंड निष्ठा एवं श्रद्धा रखते थे।
महारानी अहिल्याबाई का शासन-काल भले ही अल्प रहा, पर उन्होंने भावी भारत पर बहुत गहरा एवं व्यापक प्रभाव छोड़ा। अल्पावधि के अपने शासन-काल में उन्होंने अनगिनत निर्माण-कार्य करवाए। न केवल राज्य की सीमाओं के भीतर बल्कि संपूर्ण भारतवर्ष के प्रमुख तीर्थों और स्थानों में उन्होंने मंदिर बनवाए, पुराने मंदिरों का जीर्णोद्धार करवाया, कुओं, तालाबों, बावड़ियों का निर्माण करवाया, मार्ग बनवाए, सड़कों की मरम्मत करवाई, भूखों के लिए अन्नसत्र खुलवाए, प्यासों के लिए स्थान-स्थान पर प्याऊ लगवाए, तीर्थस्थलों पर  धर्मशालाओं का निर्माण करवाया, शास्त्रों के अध्ययन-चिंतन-मनन-प्रवचन हेतु मंदिरों में विद्वान् आचार्यों की नियुक्ति की। 
आत्म-प्रतिष्ठा एवं प्रवंचना का मोह त्यागकर उन्होंने सदैव न्याय करने का प्रयत्न किया। कहते हैं कि वे इतनी न्यायप्रिय थीं कि एक बार अपने इकलौते एवं दत्तक पुत्र तक को मृत्युदंड देने को उद्धत हो गई थीं। प्रजाजनों की विनती के बावजूद वह न्याय से टस-मस नहीं हुईं। उनके पुत्र के रथ से कुचलकर एक नवजात बछड़ा घायल हो गया और वहीं उसकी मौत हो गई। मृत बछड़े के पास उसकी माँ यानी गाय आकर बैठ गई। थोड़ी देर बाद अहिल्याबाई वहाँ से गुजरीं। संवेदनशील एवं न्यायप्रिय रानी से गौमाता का शोक कैसे छिप पाता! सारा घटनाक्रम जानने के बाद अहिल्याबाई ने दरबार में मालोजी की पत्नी मेनावाई से पूछा, “यदि कोई व्यक्ति किसी माँ के सामने उसके बेटे की हत्या कर दे, तो उसे क्या दंड मिलना चाहिए?” मेनावाई ने उत्तर दिया—“उसे प्राणदंड मिलना चाहिए।” इसके बाद महारानी अहिल्याबाई ने मालोराव को हाथ-पैर बाँधकर सड़क पर डालने को कहा और फिर उन्होंने आदेश दिया कि उन्हें रथ से कुचलकर मृत्युदंड दिया जाए। इस कार्य के लिए जब कोई सारथी आगे नहीं आया तो वह स्वयं इस कार्य के लिए रथ पर सवार हो गईं। पर विधाता को यह स्वीकार नहीं था। कहते हैं कि जब वे रथ को लेकर मालोराव की ओर आगे बढ़ीं तो वही गाय रथ के सम्मुख आकर खड़ी हो गई। यह दृश्य देखकर मंत्री एवं प्रजाजनों ने उनसे गुहार लगाई कि “शायद यह बेजुबान गाय भी नहीं चाहती कि किसी और माँ के बेटे के साथ ऐसा हो। वह मालोजी के लिए आपसे दया की भीख माँग रही है।” कहा यह भी जाता है कि स्वयं एकलिंग भगवान् शिव गाय का रूप धारण कर न्याय के प्रति उनकी निष्ठा की परीक्षा ले रहे थे, जिसमें वे सौ प्रतिशत खरी उतरीं।
वे न्याय के संदर्भ में अपने समकालीन पुणे के न्यायाधीश श्री रामशास्त्रीजी की परंपरा का अनुसरण करती थीं तो राजधर्म एवं वीरता में महारानी लक्ष्मीबाई जैसी उत्तरकालीन शासिकाओं पर उनका प्रभाव देखने को मिलता है। उनके जीवन-काल में ही जनता ने उन्हें ‘देवी’ समझना और कहना प्रारंभ कर दिया था। शासन और व्यवस्था के नाम पर जब देश में विधर्मियों और विदेशियों का अनाचार-अत्याचार का बोलबाला था, प्रजाजन-साधारण गृहस्थ, किसान-मजदूर-व्यापारी अत्यंत दीन-हीन अवस्था में जीने को अभिशप्त थे, जब समाज तरह-तरह के अंधविश्वासों और रूढ़ियों में जकड़ा हुआ था, ऐसे घोर अँधेरे कालखंड में महारानी अहिल्याबाई का शासन वहाँ के प्रजाजनों के लिए किसी प्रकाशपुंज से कम नहीं! १३ अगस्त, १७९५ को उनकी जीवन-लीला समाप्त हो गई। पर उससे पूर्व उन्होंने जो-जो काम किए, वे इतिहास के पृष्ठों में स्वर्णाक्षरों में अंकित हैं। चाहे माहेश्वर को राजधानी बनाने का अभिनव प्रयोग हो या संपूर्ण हिंदू समाज के गौरव और सनातन संस्कृति के केंद्र काशी विश्वनाथ मंदिर का निर्माण व जीर्णोद्धार या अन्य लोक-मंगल की भावना से संचालित निस्‍स्वार्थ सेवा-कार्य, उन सबके पीछे महारानी अहिल्याबाई की सनातन जीवन-दृष्टि, प्रजावत्सलता एवं कर्तव्यपरायणता थी। निष्कर्षतः यह कहा जा सकता है कि महारानी अहिल्याबाई ने न केवल अपने समय एवं समाज पर गहरा व व्यापक प्रभाव डाला, बल्कि सनातन संस्कृति एवं सरोकारों को जीने, समझने और अक्षुण्ण रखने के कारण उनका योगदान सदियों तक अमर एवं अविस्मरणीय रहेगा।

एल.के. सिंहानिया एजुकेशन सेंटर,
द्वारा जे.के. ह्व‍ाइट सीमेंट वर्क्स,
गोटन, जिला नागौर-३४२९०२
दूरभाष : ९४१३४२७४०४

जुलाई 2024

   IS ANK MEN

More

हमारे संकलन