मायावी मस्ताना मतवाला मेलबोर्न

मायावी मस्ताना मतवाला मेलबोर्न

विंधाम सिटी कौंसिल ने रख-रखाव के लिहाज से बहुत कुछ सुधारकर रखा है। सौंदर्य, व्यवस्था, निरीक्षण, सुचारु जनजीवन के वास्ते महानगर मेलबोर्न शहर के अपनी-अपनी तरह से सुनियोजित व सुनिश्चित प्रबंध किए हुए हैं। बैरिवी, पॉइंट कुक, सैंचुरी लेक्स आदि को जोड़कर यहाँ कौंसिल उपयोगी और सार्थक काम कर रही है। पहले शायद ऐसा नहीं था। याद है साल १९९८ में मेलबोर्न में सैलानी को विंधाम का नाम तक सुनने को नहीं मिलता था। आज जगह-जगह विंधाम के साइन-बोर्ड दिन भर की कार्यप्रणाली के लिए मार्गदर्शक की तरह तैनात हैं। इसे देखकर संतोष होता है।

हॉपर क्रॉसिंग बैरिवी, टारनेट या आसपास के इलाके में हमारे चार-पाँच आत्मीय परिवार हैं। इन्हीं परिवारों की मार्फत हमारा परिचय कई अन्य भारतीय पंजाबी या विदेशी परिवारों से होता रहा है। जन्मदिन, शादी की सालगिरह से लेकिर किसी की तरक्की, नियुक्ति, तबादला या शिशु-जन्म के उपलक्ष्य में वीकेंड, पार्टी जैसे माहौल में दिन बीतते रहे हैं। इन या ऐसी ही गैट टूगेदर पार्टियों के माध्यम से भी हमने जिस मेलबोर्न की भीतरी या बाहरी पहचान की है, वह अद्भुत है। रंगीनी, शोखी, आत्मीयता, आदरभाव या इस मिलनसारिता पर भला कौन निसार न हो जाए!

युवा वर्ग का एक अलग संसार है। यहाँ संस्कार और व्यवहार की परख-पड़ताल होती रही है। रूढि़यों-संस्कारों से आगे भी बहुत कुछ है, जिसे समय की गति ने मुक्त कर दिया है। किशोर, बच्चे या बूढ़े भी अपनी-अपनी शैली में सहज ही प्रभाव छोड़ रहे हैं। रंग-तरंग की यह धुन भीतरी प्रसन्नता और बाहरी उमंग को प्रत्यक्ष, साक्षात् करनेवाली है। मेलबोर्न का यह पश्चिमी खंड एक अद्भुत संसार का परिचय देनेवाला है।

गहराती शाम को अधिक रंगीन करने के लिए रेस्तराँ, कॉफी हाउस, स्वीट शॉप के अंदर या बाहर आप बैठिए। प्रतीक्षा कीजिए, ऑर्डर दीजिए। हवा में बैठकर मोबाइल पर बतियाएँ। बीयर के गिलास उठाएँ। लगातार टकटकी लगा निहारते जाएँ, आपका समय सफल हो रहा होगा। बिकॉन हो या ला वैले, बरूनी हो या इंडियन गजल, डिनर के समय धूमधाम, भीड़भाड़ बढ़ती चली जाएगी। बूफे ले रहे हैं या ड्रिंक्स, एक लजीज स्वाद आपको माहौल से बाँधकर रखेगा। कोई प्रिपरेशन पसंद आए, न भाए, आप लौटा सकते हैं। नई डिश आपको ताजगी के साथ पेश कर दी जाएगी।

पाश्चात्य या भारतीय संगीत पंजाबी, हरियाणवी गीत आपको मंत्रमुग्ध कर रहे हैं। मैनेजर-मालिक या कैप्टन से शैफ तक किसी को भी आप सुझाव दें, तामील होगी। डिस्काउंट उपहार, भारतीय अखबार, पत्रिकाएँ आपको बोनस की तरह यहाँ मिल सकती हैं। एक उत्सव का माहौल दिखा पार्लियामेंट के अंदर। दर्जन भर देशों के नागरिक यहाँ ऑस्ट्रेलिया, सिटीजनशिप पा चुके हैं। कैमरों की चमक कौंधती बिजली-सी फ्लैश छोड़ रही है। चेहरे खूब खुश हैं। टी.आर., पी.आर. से आगे ये विश्व नागरिक का रुतबा प्राप्त करते जान पड़ते हैं। आने वाले समय के स्वप्न बुने जाते हैं। टेबलों पर थिरकती उँगलियाँ जैसे गुनगुना रही हों। ठहाके-लतीफे कमरे की दीवारें फाँदकर सड़क तक लहरा जाते हैं। गुब्बारे छोड़े या फिर फोड़े जा रहे हैं। होस्ट भी एक बार तो खुद को गेस्ट ट्रीट कर रहा है।

चेंडस्टन का संसार याद आ रहा है। बहूद्देशीय दुकानें, पेटेंट नाम, फेवरिट छाप और अपनत्वपूर्ण व्यवहार। मोलभाव से दूर आप पसंद न आने पर खरीदी हुई चीज लौटा सकते हैं या एक्सचेंज कर सकते हैं। यहाँ मौज-मस्ती, सौंदर्य, खरीददारी और जानकारी के अनेक केंद्र हैं। एक के बाद एक आपको खींचते, लुभाते, बहलाते ये शोरूम दूसरे अर्थों में मिलनस्थल भी कहलाते हैं। दूर पार के किसी छोर से आप किसी एक को मिलने-बतियाने आ रहे हैं तो अंतरराष्ट्रीय या राष्ट्रीय स्तर के किसी भी नामी-गिरामी केंद्र (शोरूम) का नाम लें, दूसरी दिशा से आनेवाला आप तक पहुँच जाएगा।

फिर विक्टोरिया यूनिवर्सिटी का बैरिवी कैंपस हो या रेसकोर्स। बैरिवी रेलवे स्टेशन हो या हापर क्रॉसिंग बस स्टेशन या रेल पथ। बैरिवी का दक्षिणी बीच (तट) हो या शॉपिंग सेंटर, कई-कई आत्कर्षण आपको अपनी ओर खींच रहे होंगे। लिवास, लहजा, लज्जत या लड़कपन के अधीन जब कोई यहाँ शिकार हो जाता है तो उसकी सूरत-सीरत देखते ही बनती है। इधर के पार्क या ओपन रेंजेज इसलिए भी अहम हैं कि विश्व स्तर पर इनका कहीं खास स्थान तो है ही।

मेलबोर्न के नक्शे पर फैशन, नाइट-क्लब, खानपान, शॉपिंग, मनोरंजन के सारे स्थान अपनी अलग तरह की विविधता लिये हुए हैं। खास स्थान की खास चीज आपको यहीं मिले, यह जरूरी नहीं, अन्यत्र कहीं तो मिल ही जाएगी।

मायावी मेलबोर्न, मतवाला मेलबोर्न या मस्ताना मेलबोर्न महानगर की चारों दिशाओं में अपना सानी नहीं रखता। सामाजिक सुरक्षा, सेहत-सँभाल से लेकर हरे-भरे बगीचों, फव्वारों, पेड़ों तक एक तहजीब आपका स्वागत कर रही होगी।

फूलचंद मानव
२३९, दशमेश एन्क्लेव,
ढकौली-१६०१०४
(मोहाली-जीरकपुर) पंजाब
दूरभाष : ०९३१६००१५४९

हमारे संकलन